भोरंज में 17.32 करोड़ के 31 विकास कार्यों के शिलान्यास-उद्घाटन, विधायक सुरेश कुमार ने कहा- साढ़े तीन साल में बदली क्षेत्र की तस्वीर

6 अक्तूबर: विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को मिनी सचिवालय के निकट आयोजित कार्यक्रम में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लगभग 17.32 करोड़ रुपये की लागत वाले 31 विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इनमें करीब 16.67 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्यों के शिलान्यास और लगभग 64.59 लाख रुपये के 10 रेन शेल्टरों एवं भवनों के लोकार्पण शामिल हैं।

विधायक ने टिक्कर-जख्योल-मनोह सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 9.62 करोड़ रुपये, टिक्करी मिन्हासा-गौटा सड़क पर पुल निर्माण के लिए 3.72 करोड़ रुपये सहित विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा सामुदायिक भवन मनवीं, बस्सी चौक पैदल पुल, पशु चिकित्सालय भवन भोरंज, ऊना-अघार-मंडी हाईवे की मरम्मत, विभिन्न स्थानों पर पार्क, महिला मंडल भवन, विश्राम गृह, रेन शेल्टर और शहीद लखवीर सिंह द्वार कोट लांगसा के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत भोरंज क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य की आधारशिला भी रखी गई।

विधायक ने लदरौर, पट्टा, रुठानी, बडैहर, जाहू, संगरवाड़, पार्क तलाई, बाहनवीं और बढार में नवनिर्मित रेन शेल्टरों तथा प्राथमिक स्कूल मुंडखर के भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर सुरेश कुमार ने संबंधित क्षेत्रों और पंचायतों के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने क्षेत्र के लिए अरबों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे भोरंज प्रदेश के एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है।

समारोह में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, बड़सर के पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, एसडीएम शशिपाल शर्मा, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन जेपी नायक सहित अन्य अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके बाद विधायक ने ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *