मुंदला मेले में बोले आर.एस. बाली: मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक, सुनेड़ में बनेगा 8.5 करोड़ का सबस्टेशन

13 जून : नगरोटा क्षेत्र की मुंदला पंचायत में आयोजित ऐतिहासिक मेले में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सुनेड़ में 8.5 करोड़ रुपये की लागत से नया बिजली सबस्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिसका टेंडर पहले ही हो चुका है। इसके निर्माण से क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।

आर.एस. बाली ने बताया कि मुंदला पंचायत में पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत 2 लाख लीटर क्षमता का एक तथा 30-30 हजार लीटर क्षमता के दो ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं, जिन पर लगभग 1.1 करोड़ रुपये व्यय किए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा भी 37 लाख रुपये के विकास कार्य संपन्न किए गए हैं।

उन्होंने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से खेल, संस्कृति और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है, वहीं व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित दंगल प्रतियोगिता में कांगड़ा के रजत ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। उन्हें 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं खन्ना के करण उपविजेता रहे, जिन्हें 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

आर.एस. बाली ने बताया कि मेला मैदान के विकास के लिए पूर्व में 5 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए थे, जिससे मैदान को बेहतर स्वरूप दिया गया। इसके अलावा उन्होंने मेला कमेटी को 31 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही स्थानीय देहरियों तक जाने वाले रास्ते के निर्माण के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा संबंधित अधिकारियों को स्थानीय कुहल की मरम्मत और सुधार के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान उत्तम चंद सहित समिति के अन्य सदस्यों ने आर.एस. बाली का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *