मुंडन संस्कार से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, चंबा में खाई में गिरी कार; 7 की मौत

18 जून: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। हादसा चुराह विधानसभा क्षेत्र के मसरूंड-हमल मार्ग पर छत्रुंड के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग कुथेड पंचायत के महल गांव के निवासी थे और काकडोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार एवं धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तड़के करीब 2 बजे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चुन्नी लाल (65), देवी लाल (62), मोती राम (50), बबली देवी (45), अनीता कुमारी (20), कुंता देवी (53) और मनोहर लाल (34) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकांश लोग एक ही परिवार से संबंध रखते थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया।

एसपी चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *