18 जून : सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को चंडीगढ़ लाते समय गुरुवार सुबह नाटकीय घटनाक्रम सामने आया। पुलिस के अनुसार, जम्मू से लाए जा रहे आरोपियों ने रास्ते में भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए।
जानकी दास हत्याकांड की जांच कर रही चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जम्मू पुलिस की संयुक्त टीम ने हाल ही में जम्मू के जंगलों में छिपे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गुरुवार सुबह इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच चंडीगढ़ लाया जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, सेक्टर-25 के नजदीक पुलिस वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से वाहन नियंत्रण खो बैठा और पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फरार होने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी सन्नी मेहरा और आर्यन के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना में पुलिस वाहन चालक भी घायल हुआ है और उसके गर्दन में चोट लगने की सूचना है। पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
13 जून को हुई कैशियर जानकी दास की हत्या के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब आरोपियों की गिरफ्तारी और चंडीगढ़ में हुई मुठभेड़ के बाद जांच नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी जल्द साझा किए जाने की संभावना है।