मां शिकारी देवी के दर्शन हुए सुगम, करसोग में 9166 लाभार्थियों को मिले हिम बस पास

3 अगस्त : प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं से आमजन को परिवहन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की प्रथम दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रदेश के प्रमुख देव स्थलों तक सीधी और सुगम बस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ निगम के राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की जा रही है।

एचआरटीसी के करसोग डिपो से प्रथम दर्शन योजना के तहत मां शिकारी देवी मंदिर के लिए बस सेवा संचालित की जा रही है। करसोग बस स्टैंड से सुबह करीब 9:30 बजे बस श्रद्धालुओं को लेकर मां शिकारी देवी मंदिर के लिए रवाना होती है और दर्शन के बाद दोपहर के समय यात्रियों को वापस करसोग पहुंचाती है। इस सुविधा से करसोग सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से मां शिकारी देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली है।

प्रथम दर्शन बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को जहां मंदिर तक पहुंचने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हुई है, वहीं करसोग डिपो के राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है। डिपो द्वारा इस सेवा से लगभग 100 रुपये प्रति किलोमीटर की राजस्व वृद्धि दर्ज की गई है। इसे एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।

यात्रियों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से हिम बस पास सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क एवं रियायती यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इसमें विद्यार्थी, महिलाएं और विशेष रूप से सक्षम व्यक्ति सहित विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं।

करसोग स्थित एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय द्वारा अब तक कुल 9166 हिम बस पास बनाए गए हैं। इनमें 1581 राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, 6350 महिला यात्रियों तथा 969 विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के हिम बस कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पात्र लाभार्थियों को भी हिम बस पास जारी किए गए हैं, ताकि वे सरकार द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क एवं रियायती यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकें।

एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एन.के. चांदला ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार पात्र लोगों तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है। यात्रियों को बेहतर एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ हिम बस पास सहित अन्य जनहितैषी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

प्रथम दर्शन योजना और हिम बस पास सुविधा से आमजन की यात्रा आसान होने के साथ-साथ देव स्थलों तक पहुंच बेहतर हुई है। वहीं, इन योजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *