3 अगस्त: पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा के नए परिसर में अस्पताल भवन के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के अनुभव, सुझाव और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही मेडिकल कॉलेज में आधुनिक तकनीक के उपयोग और स्वास्थ्य सुविधाओं के अपग्रेडेशन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर उद्घाटन और शिलान्यास के बाद आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन परियोजनाओं को संचालित करने वाले लोगों की जरूरतों और समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की आवश्यकताओं को समझना तथा उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश सरकार ने अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संवाद की परंपरा को मजबूत किया है। इससे जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को समझने और उनके समाधान में मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी से सुसज्जित किया जा रहा है। अब सभी को मिशन मोड में कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार मिले और उनकी प्रतीक्षा अवधि को शून्य किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, बेहतर आधारभूत ढांचे और समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।