28 जुलाई: चंबा जिले में खराब मौसम के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले हैदराबाद के पांच श्रद्धालु भारी बारिश के कारण बीच रास्ते में फंस गए। भरमौर प्रशासन, पुलिस और पर्वतारोहण दल की तत्परता से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा के अनुसार श्रद्धालु दुनाली और तोष के गोठ के बीच पहुंचे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। लगातार बारिश और फिसलन भरे दुर्गम रास्तों के कारण उनका आगे बढ़ना संभव नहीं रहा और वे बीच रास्ते में ही फंस गए।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने रात करीब 9 बजे आठ सदस्यीय संयुक्त रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस विभाग की ओर से उपनिरीक्षक अनिल वालिया और पर्वतारोहण दल की ओर से अनुदेशक पंकज महंत के नेतृत्व में टीम ने घने अंधेरे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अभियान चलाया।
करीब दो घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद रात लगभग 11 बजे सभी पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर हड़सर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि सभी श्रद्धालु पूरी तरह स्वस्थ हैं।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने सफल रेस्क्यू अभियान पर पूरी टीम के साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और मौसम पूरी तरह अनुकूल होने तक यात्रा शुरू करने का जोखिम न उठाएं।
प्रशासन ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल प्रतिकूल बना हुआ है। ऐसे में यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह तैयार हैं।