हमीरपुर में नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों और सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

28 जुलाई: राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने मंगलवार को हमीरपुर जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मनोचिकित्सा विभाग के डॉ. कमल प्रकाश, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त नितिन कपूर, डीएसपी नितिन चौहान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

दोसड़का स्थित गोल्डन एज पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण के दौरान नरेश ठाकुर ने भवन में अग्निशमन सहित सभी सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने बड़ू के समीप घनाल में स्थापित किए जा रहे नए नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का संचालन शुरू करने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जानी चाहिए।

नरेश ठाकुर ने बताया कि नशा मुक्ति, उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों के संचालन को लेकर राज्य नशा निवारण बोर्ड की आगामी बैठक में व्यापक चर्चा की जाएगी। इसके बाद सभी केंद्रों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिनमें सुविधाओं के साथ-साथ भवनों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण भी जल्द किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *