वोल्वो बस में 143 ग्राम चिट्टा बरामद, कुल्लू के युवक-युवती गिरफ्तार

28 जुलाई: मंडी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सुंदरनगर क्षेत्र में वोल्वो बस से 143.180 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में कुल्लू जिले के एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाकाबंदी एवं वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर से मंडी की ओर आ रही एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवक और युवती के संयुक्त कब्जे से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू और अंशिता नेगी निवासी मनाली, जिला कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने कहा कि मंडी पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *