मच्छयाल महसीर फार्म का निदेशक ने किया दौरा,रणा खड्ड में 3 हजार मछली अंगुलिकाओं का संग्रहण

17 सितम्बर: मत्स्य निदेशक-सह-वार्डन ओम कांत ठाकुर ने जोगिंद्रनगर के मच्छयाल स्थित महसीर फार्म का दौरा कर मछली प्रजनन गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने फार्म की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेते हुए महसीर प्रजनन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

दौरे के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त मुख्य जलापूर्ति नहर और पालन तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभियांत्रिकी विंग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त तालाबों की मरम्मत और नए पंप हाउस के निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, फार्म में पर्याप्त और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पंप हाउस निर्माण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने को कहा।

ओम कांत ठाकुर ने महसीर फार्म की पर्यटन क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सहायक निदेशक मत्स्य को यहां स्थित एंगलर लॉज का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और एंगलर्स को क्षेत्र की ओर आकर्षित किया जा सके।

इस दौरान निदेशक ने रणा खड्ड में करीब 3,000 महसीर मछली की अंगुलिकाओं का संग्रहण भी किया। उन्होंने महसीर के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने मंडी मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘क्लीन वाटर बॉडीज ड्राइव’ में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही नदियों, खड्डों और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा स्थानीय लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने को कहा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *