19 सितंबर: मंडी जिले में शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना धनोटू पुलिस ने सुंदरनगर फोरलेन पर नौलखा फ्लाईओवर के पास कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही बीयर की 102 पेटियां बरामद की हैं। बरामद बीयर पर ‘फॉर सेल इन पंजाब’ का मार्का लगा हुआ है। पुलिस ने बीयर की खेप और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी धनोटू के नेतृत्व में पुलिस टीम नौलखा फ्लाईओवर के पास गश्त और यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान करीब 9:30 बजे सुंदरनगर की ओर से एक बंद कैबिन वाली पिकअप जीप आती दिखाई दी। पुलिस को वाहन पर संदेह हुआ और उसे जांच के लिए रोका गया। वाहन के कैबिन की तलाशी लेने पर अंदर बड़ी मात्रा में बीयर की पेटियां लदी मिलीं। गिनती करने पर कुल 102 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने चालक से बीयर को ले जाने संबंधी वैध दस्तावेज और परमिट मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब या आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बीयर की पूरी खेप जब्त कर ली। आरोपी चालक की पहचान 33 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई है।
थाना धनोटू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ‘फॉर सेल इन पंजाब’ मार्का वाली बीयर की यह खेप हिमाचल में कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। मामले को लेकर आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है।
एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और खेप के स्रोत तथा इसकी संभावित सप्लाई के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।