भानुपल्ली में दो कारों की जोरदार टक्कर, हिमाचल के चार स्कूली बच्चों समेत 7 घायल

19 सितंबर: पंजाब के भानुपल्ली के समीप नंगल-आनंदपुर साहिब नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के चार स्कूली बच्चों समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के स्वारघाट क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगे ठाकुर के चार विद्यार्थी साइंस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बैहल स्कूल जा रहे थे। बच्चों को स्कूल में कार्यरत एक अध्यापिका की निजी कार में ले जाया जा रहा था। कार को अध्यापिका के पति चला रहे थे। कार में अध्यापिका का करीब डेढ़ से दो वर्ष का बच्चा भी मौजूद था। इसी दौरान भानुपल्ली के पास सामने से आ रही एक अन्य कार से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के साथ पंजाब पुलिस और एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों से सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए रक्षा अस्पताल भानुपल्ली पहुंचाया गया।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, एक घायल को नंगल और एक अन्य को आनंदपुर साहिब के अस्पताल में रेफर किया गया है।

हादसे के कारण नंगल-आनंदपुर साहिब हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस और एसएसएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *