19 सितंबर: आम उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ रूफटॉप सोलर प्लांट तथा बिजली बोर्ड की अन्य योजनाओं की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को अणु स्थित विद्युत विश्राम गृह में जागरूकता एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा और स्मार्ट मीटर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा उनकी विभिन्न शिकायतों का निवारण भी किया।
सहायक अभियंता ने बताया कि बिजली बोर्ड के विशेष जागरूकता अभियान का उद्देश्य आम लोगों को पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा अपनाने और आधुनिक स्मार्ट मीटर के फायदों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली के बिल में कमी लाई जा सकती है। साथ ही, सोलर प्लांट लगाने पर सरकार की ओर से उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सहायता और सब्सिडी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए सहायक अभियंता ने बताया कि इससे लोग अपने दैनिक बिजली खर्च पर नजर रख सकते हैं। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली खपत की निगरानी करना आसान होता है और अनुमानित बिलिंग से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सकता है। इससे उपभोक्ता अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बिजली की खपत को बेहतर ढंग से नियंत्रित कर सकते हैं।