मंडी में नशे पर बड़ी कार्रवाई, 3.66 किलो चरस के साथ सोलन का युवक गिरफ्तार

6 जुलाई: मंडी जिला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना औट की टीम ने नाकाबंदी के दौरान 3.66 किलोग्राम चरस बरामद कर सोलन निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को औट थाना पुलिस की टीम झलोगी-दवाड़ा फ्लाईओवर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.66 किलोग्राम चरस बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर निवासी तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की गहनता से जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *