6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड (इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम) में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरे राउंड की काउंसलिंग का शेड्यूल और रिक्त सीटों का रोस्टर जारी कर दिया है। पहले चरण में कुल 144 सीटों पर प्रवेश हो चुका है, जबकि शेष सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दूसरे राउंड की काउंसलिंग में भाग लेने के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 8 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 9 जुलाई को सुबह 10 बजे से एचपीयू सभागार में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
डिपार्टमेंट ऑफ टीचर्स एजुकेशन के अध्यक्ष प्रो. कुलदीप सिंह कटोच ने बताया कि अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित एनसीईटी परीक्षा के स्कोर के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार बीए-बीएड (मिडल), बीए-बीएड (सेकेंडरी), बीएससी-बीएड (मिडल), बीएससी-बीएड (सेकेंडरी) और बीकॉम-बीएड (सेकेंडरी) के विभिन्न वर्गों में अभी भी कई सीटें रिक्त हैं। इनमें सामान्य, हिमाचली, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) वर्ग की सीटें शामिल हैं। अभ्यर्थी विस्तृत सीट रोस्टर विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रवेश सूचना में देख सकते हैं।