मंडी में नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश, 9 माह में 256 मामले दर्ज, 410 आरोपी गिरफ्तार

5 अक्तूबर: जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) समिति की समीक्षा बैठक सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, पुलिस कार्रवाई, वित्तीय जांच, संपत्ति कुर्की और जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान की सफलता कानून प्रवर्तन एजेंसियों और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने स्कूलों और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा नाकाबंदी बढ़ाने और गश्त मजबूत करने के साथ-साथ जिला पुलिस तथा ड्रग निरीक्षक के बीच सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान और आवश्यकता के अनुसार संयुक्त कार्रवाई जारी रखने पर भी बल दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जिले में नशे के खिलाफ की गई कार्रवाई के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 30 सितंबर 2026 तक मंडी जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 256 अभियोग दर्ज किए गए और 410 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 391 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल हैं।

इस अवधि में हेरोइन (चिट्टा) के 87, चरस के 133, अफीम व अफीम डोडा के 7 तथा प्रतिबंधित दवाओं और एमडीएमए इत्यादि के 11 मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से की गई अफीम, पोस्त और भांग की खेती के पौधों के नष्टीकरण से संबंधित 18 मामलों में भी कार्रवाई की गई।

अगस्त 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 23 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 12 मामले चिट्टा/हेरोइन से संबंधित थे। इस दौरान 57.05 ग्राम चिट्टा, 4.626 किलोग्राम चरस और 60.728 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया। सितंबर में एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज हुए, जिनमें 8 मामले चिट्टा/हेरोइन से संबंधित थे। इस दौरान 87.69 ग्राम चिट्टा, 2.649 किलोग्राम चरस, 1.185 किलोग्राम अफीम डोडा और 937 ग्राम भुक्की जब्त की गई।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में वित्तीय जांच के 62 मामले लंबित हैं। वर्ष 2025 से 30 सितंबर 2026 तक आरोपियों की संपत्ति कुर्की के 6 मामलों में कार्रवाई की गई है, जिनकी कुल संपत्ति का मूल्य 61,30,757 रुपये है। वहीं, 30 सितंबर 2026 तक एक मामले में 60 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया लंबित है।

मंडी पुलिस द्वारा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक कुल 34 मामले पुलिस मुख्यालय के माध्यम से एडवाइजरी बोर्ड को भेजे गए हैं। इनमें इस वर्ष अब तक 25 मामले भेजे जा चुके हैं तथा 6 आरोपियों के निरोध आदेश जारी किए गए हैं।

बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग द्वारा छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण, नारा लेखन, चित्रकला, शपथ, रैली और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। पधर उपमंडल में भांग की अवैध खेती के नष्टीकरण के लिए पुलिस और वन विभाग द्वारा अभियान जारी रखने की भी जानकारी दी गई।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, वन अरण्यपाल टी. वेंकटेशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *