मंडी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और सास हिरासत में

25 मई: मंडी जिले के डैहर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के मायका पक्ष की शिकायत पर पति और सास को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान प्रियंका पत्नी रवि कुमार निवासी गांव सकरोहा, डाकघर ननावां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला अपने पति, पांच माह के बच्चे और सास के साथ डैहर में किराए के मकान में रह रही थी। घटना के समय पति ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि सास पास की दुकान पर मौजूद थी।

बताया जा रहा है कि महिला ने बच्चे को एक कमरे में सुलाने के बाद दूसरे कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब सास वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां महिला अचेत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के मायका पक्ष की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रियंका ने करीब डेढ़ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *