20 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में जलशक्ति विभाग में कार्यरत एक जलरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय कृष्ण चंद निवासी अलसेड के रूप में हुई है, जो जलशक्ति विभाग में जलरक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह शनिवार सुबह रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
रातभर तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो रविवार सुबह उनकी पत्नी हिम्मती देवी और स्थानीय लोगों ने दोबारा खोजबीन शुरू की। इसी दौरान कृष्ण चंद का शव घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के नाक से खून बहने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जताया है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।