20 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के मैड़ क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसा सामने आया, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना शाम करीब 6 बजे मैड़ मुख्य बाजार से लगभग 300 मीटर पहले एक तीखे मोड़ पर हुई। शिमला से चढ़ियार जा रही HRTC बस की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक कांगड़ा में सीमेंट उतारकर बरमाणा की ओर लौट रहा था और चालक ने टक्कर टालने की कोशिश भी की, लेकिन हादसा हो गया।
घटना के बाद घायल बस चालक को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी बलवीर ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।