11 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में भौतिकी शिक्षकों के 78 पदों की भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26019 के तहत फिक्स मानदेय के आधार पर होने वाली इस भर्ती में 77 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 1405 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1192 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा के आधार पर 203 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था।
5 और 6 अगस्त को आयोजित दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 77 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया। पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) श्रेणी का एक पद रिक्त रह गया है।
आयोग ने सफल उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अंतिम परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया है।