11 अगस्त, अभिषेक मिश्रा : सामाजिक सेवा और रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बिलासपुर की बेटी नेहा शर्मा को शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल द्वारा दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। नेहा शर्मा को ‘नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड’ और ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से नवाजा गया।
नेहा शर्मा और उनके संगठन को यह सम्मान रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने, रक्तदान शिविरों के आयोजन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
नेहा शर्मा ने बताया कि दिल्ली के भारत मंडपम में NIFAA (National Integrated Forum of Artists and Activists) की सिल्वर जुबली के अवसर पर भी उन्हें ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया था। वहीं, NIFAA के अंतरराष्ट्रीय रक्त जागरूकता अभियान ‘संवेदना-2’ के तहत बिलासपुर में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए शिमला स्थित राजभवन में उन्हें और उनके संगठन को ‘नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड’ तथा ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ प्रदान किया गया।
नेहा शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिलासपुर के उन सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है, जिन्होंने रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार अपना योगदान दिया।
सम्मान समारोह में NIFAA के चेयरमैन प्रीतपाल सिंह पन्नू सहित संगठन की नेशनल टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। नेहा शर्मा की इस उपलब्धि से बिलासपुर जिले में खुशी की लहर है। सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी है।