धर्मशाला कॉलेज में संविधान दिवस पर राष्ट्रीय कार्यशाला, मॉक ब्रिक्स सम्मेलन में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

27 नवम्बर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यशाला में मॉक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और भारतीय संविधान विषय पर रील मेकिंग प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशिका ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर भाषण दिया, जबकि बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थी इंद्रेश ने महाविद्यालय की 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैश्विक समझ, नेतृत्व क्षमता और संवैधानिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं, विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और नीति निर्माण की व्यावहारिक जानकारी देना है।

मॉक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विद्यार्थियों ने भारत, रूस, चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई। इस दौरान ‘एक अधिक न्यायसंगत विश्व का निर्माण : क्या ब्रिक्स एक नई वैश्विक व्यवस्था बना सकता है?’ विषय पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, रील मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।

मॉक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में कनिका (ब्राजील) और पायल (वियतनाम) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। पायल (चीन) और रक्षित चंदेल (क्यूबा) द्वितीय तथा लक्ष्मी अमदो (मलेशिया) तृतीय स्थान पर रहीं। रील मेकिंग प्रतियोगिता में नितीश कुमार ने प्रथम, रक्षित चंदेल ने द्वितीय और रचित कपूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।

प्रतियोगिताओं में डॉ. दीपिका ठाकुर, प्रो. संजय ठाकुर और प्रो. बालक राम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. संजय जसरोटिया, डॉ. वी.एस. वत्स, डॉ. परवेश गिल, डॉ. भरत बड़ोगी, डॉ. गौरव महाजन और प्रो. ऋषव जरयाल सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *