27 नवम्बर: विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को भरेड़ी में उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भोरंज अस्पताल में जल्द ही सीटी स्कैन मशीन सहित विभिन्न जांचों के लिए अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। अस्पताल में लोगों को जिला स्तरीय अस्पताल के बराबर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि रेडक्रॉस की भोरंज उपमंडल इकाई ने स्थापना के मात्र दो वर्षों में ही पूरे जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वह स्वयं भी रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य बने हैं और आने वाले समय में भोरंज में इस अंतरराष्ट्रीय संस्था का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए हैं। भोरंज अस्पताल के भवन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और पहली बार यहां छह विशेषज्ञ डॉक्टर नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट और अन्य ब्लॉकों के निर्माण की औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या 25 तक पहुंच जाएगी।
सुरेश कुमार ने बताया कि भोरंज क्षेत्र के लिए ड्राइवरों सहित चार एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा क्षेत्र के गांवों और बस्तियों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए एंबुलेंस सड़कें बनाई जा रही हैं। अभी तक दो दर्जन से अधिक एंबुलेंस सड़कें मंजूर की जा चुकी हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़, एसडीएम एवं उपमंडलीय रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा तथा सोसाइटी के अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया और सोसाइटी की गतिविधियों की जानकारी दी।
मेले के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और विभिन्न विभागों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। शिविरों में भोरंज अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों, मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर के ब्लड बैंक की टीम, आयुष विभाग, पार्क अस्पताल के डॉक्टरों और डेंटल कॉलेज सुंदरनगर की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।
आयोजन में विभिन्न विभागों के अलावा वीनस फाउंडेशन, गरीबदास फाउंडेशन, रेडक्रॉस के स्थानीय आजीवन सदस्यों एवं संरक्षकों, सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन, व्यापार मंडल, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य सामाजिक संगठनों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश डोगरा, बीडीसी अध्यक्ष पूनम देवी, उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।