इतिहास और अर्थशास्त्र शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

11 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में इतिहास और अर्थशास्त्र शिक्षकों के 86-86 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। दोनों परीक्षाओं के परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इतिहास शिक्षक पोस्ट कोड-26025 के तहत 86 पदों के लिए कुल 2648 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 2152 अभ्यर्थियों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में सफल 217 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 16 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में शुरू होगी।

इसी तरह अर्थशास्त्र शिक्षक पोस्ट कोड-26030 के तहत 86 पदों के लिए 1246 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि 1032 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में सफल 226 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। इनका दस्तावेज सत्यापन 29 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में शुरू होगा।

आयोग के सचिव ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी। इसके लिए अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और वैध पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को बाद में कोई दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *