29 सितंबर: हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा ने भदरोया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 8.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर को एसटीएफ की टीम ने भदरोया में राजकीय माध्यमिक पाठशाला के समीप संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर पहुंचे एक युवक को पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.66 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित (30) पुत्र यशपाल निवासी मकान नंबर 13, मैड हट कॉलोनी, मॉडल टाउन, जिला पठानकोट, पंजाब के रूप में हुई है।
एसटीएफ नॉर्दर्न रेंज कांगड़ा की एएसपी रेणु शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब आरोपी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच के दौरान उसके संपर्कों, आवाजाही और संभावित आपूर्तिकर्ताओं से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नशे की तस्करी से जुड़ी अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके। पंजाब से सटे हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस और एसटीएफ द्वारा नाकाबंदी तथा संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी है।