25 जुलाई: विद्युत उपमंडल साइगलू में शुक्रवार से उपभोक्ता सर्वे और स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान शुरू हो गया है। सहायक अभियंता विनीत ठाकुर ने बताया कि अधिकृत कर्मचारी घर-घर जाकर उपभोक्ताओं का सर्वे करेंगे और चरणबद्ध तरीके से पारंपरिक बिजली मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह कार्य भारत सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह कार्य अधिकृत एजेंसी मै. अप्रावा हमीरपुर स्मार्ट मीटर प्रा. लि. के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के संशोधित विनियम-2026 के अनुसार जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। वहीं, विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 163 के तहत अधिकृत अधिकारी मीटर की जांच, मरम्मत या प्रतिस्थापन के लिए परिसर में प्रवेश करने के अधिकार रखते हैं।
सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से सर्वे और स्मार्ट मीटर स्थापना में पूरा सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्व सूचना देने के बावजूद सहयोग नहीं करने पर 24 घंटे की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद बिना किसी अतिरिक्त सूचना के बिजली आपूर्ति काटी जा सकती है। इसके अलावा विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।