बोह आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए जमीन चिन्हित, 25 परिवारों को राहत सामग्री वितरित

18 अगस्त: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को बोह पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से 25 प्रभावित परिवारों को गद्दे, गैस कनेक्शन, महिला एवं पुरुषों के वस्त्र, ट्रैक सूट, जूते तथा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की किट वितरित की।

प्रभावित परिवारों से बातचीत करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उनके पुनर्वास के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। जो परिवार वहां बसने के इच्छुक हैं, वे प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि पुनर्वास की आगामी प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है और इसके अनुरूप शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने पंचायत सचिव और पटवारी को प्रभावित परिवारों के बैंक खाते जल्द खुलवाने के निर्देश दिए, ताकि राहत राशि प्राप्त करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विधायक ने कहा कि वर्तमान में कई प्रभावित परिवार अपने रिश्तेदारों के घरों में रह रहे हैं। ऐसे में राहत सामग्री का वितरण उन्हें रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से किया गया है।

उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बोह पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को कोई समस्या हो तो वे प्रशासन या उनके समक्ष अपनी बात रख सकते हैं।

एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि स्थानीय विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, सहायक अभियंता लोक निर्माण नीरज गर्ग, पंचायत प्रधान नीलम, उपप्रधान सुरेश, रूलेड से ओम राज, पूर्व उपप्रधान पप्पू, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व प्रधान अजय बबली, सीडीपीओ रैत निर्मला देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *