14 जून : शिव मंदिर बैजनाथ से खीरगंगा जाने वाले मार्ग पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय कुनाल वर्मा निवासी वार्ड नंबर-2 बैजनाथ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 112 हेल्पलाइन और मंदिर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी कि खीरगंगा मार्ग की सीढ़ियों के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को परिजनों की सहायता से सिविल अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली शीशी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। वहीं, परिजनों ने भी किसी तरह के विवाद या रंजिश से इनकार किया है।
शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।