शिमला में स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

14 जून : राजधानी शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार शाम एक निजी स्कूल की संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान मीनाक्षी मित्तल के रूप में हुई है, जो सरस्वती पैराडाइज स्कूल का संचालन करती थीं। जानकारी के अनुसार वह शनिवार शाम घर लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूल परिसर के समीप अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *