13 जून : बैजनाथ स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में खीरगंगा घाट की ओर जाने वाली सीढ़ियों के समीप एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान कुनाल निवासी वार्ड नंबर-2, बैजनाथ के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। युवक की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।