13 अगस्त: आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा ने पंचरुखी और आलमपुर में आयोजित ‘प्रत्यक्ष संवाद’ कार्यक्रमों में बीपीएल सर्वेक्षण में चयनित परिवारों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पंचरुखी विकासखंड की 16 पंचायतों के 451 तथा लंबागांव विकासखंड की 10 पंचायतों के 564 पात्र बीपीएल परिवारों की समस्याएं सुनी गईं। मंत्री ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। बीपीएल परिवारों के चयन में पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों का पालन किया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि पंचरुखी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के स्थायी समाधान के लिए 32 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का निर्माण कार्य जारी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंचरुखी के भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का कार्य नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है, जिसके बाद इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। क्षेत्र में 33 केवी विद्युत सबस्टेशन का निर्माण भी प्रगति पर है।
आलमपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि जांगल पपरोला में 9 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल फरवरी तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। आलमपुर में खिलाड़ियों के लिए 1 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। जगरूप नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आलमपुर को तहसील का दर्जा दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर मंत्री ने 80 वर्ष से अधिक आयु के छह बीपीएल बुजुर्ग नागरिकों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में पंचायत समिति लंबागांव के उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, तहसीलदार पंचरुखी अभिषेक भास्कर, संबंधित विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बीपीएल परिवार उपस्थित रहे।