पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी: कुलवंत सिंह पोटन

13 अगस्त: खंड समिति सभागार देहरा में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बेटी है अनमोल और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की।

एसडीएम ने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि देहरा में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 55 बच्चों को प्रतिमाह 4 हजार रुपये पॉकेट मनी दी जा रही है, जबकि दो पात्र लाभार्थियों को भूमि आबंटित की गई है। वर्ष 2025-26 में 16 मामलों में मकान निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता, स्वरोजगार के लिए 1.40 लाख रुपये, 24 बच्चों को विवाह अनुदान के रूप में 2-2 लाख रुपये तथा मिशन वात्सल्य के तहत 587 बच्चों को सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पोषण अभियान के तहत आईसीडीएस व सीएएस ऐप और पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही पोषण वाटिकाओं के विकास पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। ‘बेटी है अनमोल’ योजना के तहत वर्ष 2025-26 के प्रथम घटक में 61 मामलों के लिए 12.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ज्वालामुखी उपमंडल के 38 मामलों के लिए 7.98 लाख रुपये और देहरा उपमंडल के 23 मामलों के लिए 4.83 लाख रुपये शामिल हैं।

एसडीएम ने कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों की अलग से विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस विषय को केवल विभागीय स्तर तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के साथ व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को तीन किस्तों में 5 हजार रुपये तथा जननी सुरक्षा योजना के तहत एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य कर रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सराहना करते हुए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी विपुल कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *