बीए, बीकॉम और बीएससी में दाखिले शुरू, राजगढ़ कॉलेज ने खोले प्रवेश द्वार

16 जून, रवि दत्त भारद्वाज : राजगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीए, बीकॉम और बीएससी पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी अब आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से निर्धारित समयावधि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। नए शैक्षणिक सत्र के लिए महाविद्यालय ने कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी है। कॉलेज विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व और कौशल विकास के लिए भी बेहतर वातावरण उपलब्ध करवा रहा है।

महाविद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स एवं रेंजर्स, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिताओं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय और डिजिटल अध्ययन संसाधनों की सुविधा उपलब्ध है। अनुभवी प्राध्यापक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण और उच्च शिक्षा के लिए भी मार्गदर्शन देते हैं। पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और डिजिटल तकनीक के माध्यम से छात्रों को रोजगारोन्मुख और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जा रही है, ताकि वे बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को विकसित कर सकें।

बाइट: डॉ. मीनू भास्कर जीवन, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय राजगढ़

प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर जीवन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की प्रवेश समिति, सूचना पट्ट और आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *