शिमला गोलीकांड: 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी, साजिशकर्ता तक पहुंचने में जुटी पुलिस

17 जून: राजधानी शिमला में निजी स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 22 जून तक सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र इस हत्याकांड के पीछे की साजिश और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचना है।

मंगलवार को दोनों आरोपियों को शिमला की जिला अदालत के कोर्ट नंबर-5 में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 22 जून को उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

अदालत में पेशी के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। दोनों आरोपियों को कड़े सुरक्षा घेरे में कोर्ट लाया गया। पुलिस ने सोमवार को हरियाणा के रोहतक से दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान आशीष निवासी झज्जर और दीपक निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है।

हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस हत्याकांड के पीछे के असली साजिशकर्ता का पता लगाना है। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि दोनों शूटरों को किसने भेजा, हत्या की सुपारी किसने दी और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।

प्रारंभिक जांच में स्कूल और संपत्ति से जुड़े पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है, जिसे पुलिस गंभीरता से खंगाल रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *