17 अगस्त: बैजनाथ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के दौरान रात को बिनवा पुल पर एक हादसा हो गया। ईंटों से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग से टकराया और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार बारिश के बीच कैंटर बिनवा पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे के बाद कैंटर से हनुमान जी की एक तस्वीर भी मिली, जो सुरक्षित थी। तस्वीर के सुरक्षित मिलने की बात मौके पर चर्चा का विषय बनी रही और स्थानीय लोगों ने इसे आस्था से जोड़कर देखा।
बैजनाथ अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति मामूली चोट के साथ अस्पताल पहुंचा था, लेकिन उसने उपचार नहीं करवाया। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वहीं, हादसे में बिनवा पुल की सुरक्षा रेलिंग टूटने के बाद पुल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त रेलिंग को जल्द दुरुस्त करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।