21 अगस्त: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने ब्राहलड़ी पंचायत के थान और बाड़ी दूग गांव का दौरा कर भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिया।
थान गांव में बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन से डंगे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे रास्तों और आसपास की जमीन को भी नुकसान पहुंचा है। सुनील शर्मा बिट्टू ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाड़ी दूग गांव की क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया। सड़क को बारिश और बाढ़ के कारण काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क को तत्काल चलने योग्य बनाने के लिए आवश्यक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बरसात के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। प्रभावित स्थानों का तकनीकी निरीक्षण करवाकर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान रवि प्रकाश, वार्ड नंबर 7 की पंच ममता कुमारी, दलजीत वालिया, गुलजीत, विजय कुमार, कृष्ण चंद, जगदीश, पूर्व उपप्रधान अशोक वालिया, प्रमोद सिंह सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।