बाथू के शुभम सिंह राणा बने सेना के लेफ्टिनेंट, गांव में हुआ भव्य स्वागत

15 जून : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले शुभम सिंह राणा का रविवार को अपने पैतृक गांव बाथू पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान मीना सैणी की अगुवाई में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर शुभम को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया और उनकी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की गई।

गांव में शुभम के आगमन से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच उनका स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि शुभम ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

प्रधान मीना सैणी ने शुभम सिंह राणा और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि गांव के बेटे की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शुभम ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभम भारतीय सेना में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए देश और क्षेत्र का नाम आगे भी रोशन करेंगे।

समारोह के दौरान ग्रामीणों ने शुभम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा युवाओं में सेना के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *