बलजीत कौर को लेकर सुखद खबर; सुरक्षित अपने कैंप पहुंची, सफल रहा रेस्क्यू ऑरपेशन

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

काठमांडू। माउंट अन्नपूर्णा पर कैंप चार के ऊपर से लापता हुई भारतीय पर्वतारोही बलजीत कौर का पता चल गया है और वह जीवित हैं। पर्वतारोहण अभियान के एक आयोजक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पायनियर एडवेंचर के अध्यक्ष पसंग शेरपा ने बताया कि एक हवाई खोज दल ने बलजीत कौर का पता लगा लिया है। उन्होंने कल पूरक ऑक्सीजन का उपयोग किए बिना ही दुनिया की दसवीं सबसे ऊंची चोटी को फतह किया था। उन्होंने कहा, “हम उसे हाई कैंप के ऊपर से एयरलिफ्ट कर निकालने की तैयारी कर रहे हैं।”

शेरपा के मुताबिक हवाई खोज दल ने बलजीत को कैंप चार की ओर अकेले उतरते देखा है। रिकॉर्ड धारक भारतीय महिला पर्वतारोही बलजीत चोटी के शिखर बिंदु के नीचे अकेली रह गई थी। आज सुबह तक उनसे रेडियो संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद आज सुबह ही हवाई खोज अभियान शुरू किया गया और ‘तत्काल मदद’ के लिए एक रेडियो सिग्नल भेजने में कामयाबी मिली। शेरपा के अनुसार बलजीत की जीपीएस लोकेशन ने 7,375 मीटर (24,193 फुट) की ऊंचाई पर उनके पहुंचने के संकेत दिए हैं। वह कल शाम करीब सवा पांच बजे दो शेरपा गाइडों के साथ माउंट अन्नपूर्णा फतह किया। बलजीत का पता लगाने के लिए कम से कम तीन हेलिकॉप्टर लगाए गए थे।

बता दें कि इससे पहले सुबह बलजीत कौर की मौत की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी। यहां तक की प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी थी। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट कर बलजीत कौर के स्वस्थ होने की जानकारी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *