बरोटीवाला में कथित नशा तस्करी के आरोप पर बवाल, महिला पुलिस के हवाले, झोपड़ी में लगाई आग

6 जुलाई: बरोटीवाला में रविवार को कथित नशा तस्करी के आरोपों को लेकर लोगों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा ट्रक यूनियन के समीप स्थित झुग्गी बस्ती पहुंचे, जहां एक महिला पर चिट्टा बेचने और युवाओं को नशे की लत में धकेलने के आरोप लगाए गए। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। लोगों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद उग्र भीड़ ने सरकारी भूमि पर बनी उसकी झोपड़ी को उखाड़कर उसमें आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

सामाजिक कार्यकर्ता विशु राणा के आह्वान पर स्थानीय लोग बरोटीवाला चौक पर एकत्र हुए। इसके बाद सभी जुलूस के रूप में ट्रक यूनियन के समीप स्थित झुग्गी बस्ती पहुंचे। मौके पर जिला परिषद सदस्य राजकुमार चौधरी, भाजपा नेता विधि चंद राणा, हंसराज, योगिंद्र, मनीष और राम रतन सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि महिला की झुग्गी के आसपास बने एक अस्थायी ढांचे से सिरिंज और ड्रिप भी बरामद हुई हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विशु राणा ने आरोप लगाया कि उन्होंने 18 जून को पुलिस अधीक्षक बद्दी और थाना बरोटीवाला को लिखित शिकायत देकर संबंधित महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इसी कारण लोगों में रोष बढ़ता गया।

एसपी बद्दी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि प्रीतम कॉलोनी मढ़ावाला निवासी पूजा देवी ट्रक यूनियन बरोटीवाला के समीप कथित रूप से अवैध नशे का कारोबार कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी मढ़ावाला की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि महिला ने पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया तथा पत्थर फेंकने का प्रयास किया। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। सोमवार को उसे उपमंडल दंडाधिकारी बद्दी के समक्ष पेश किया जाएगा। वहीं, झोपड़ी में आग लगाने की घटना की भी पुलिस जांच कर रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *