4 जुलाई: बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर परिषद नादौन ने क्षेत्र में नालियों और नालों की सफाई का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में न्यायालय परिसर नादौन के समीप सड़क के बीच बनी बड़ी नाली की युद्धस्तर पर सफाई करवाई गई। सफाई कर्मचारियों ने पूरे दिन मेहनत कर नाली में जमा गाद, मिट्टी और अन्य कचरे को बाहर निकाला, जिससे पानी के सुचारू निकास का मार्ग साफ हो सका।
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सुबह सात बजे से ही अभियान में जुट गए और शाम चार बजे तक लगातार सफाई कार्य किया। इस दौरान नाले से करीब एक ट्रैक्टर गाद, मिट्टी और कचरा निकाला गया। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर होने और जलभराव की आशंका कम होने की उम्मीद है।
इस सफाई अभियान की निगरानी नगर परिषद नादौन के सेनेटरी इंस्पेक्टर अक्षित सोनी और कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर की। उन्होंने पूरे अभियान का निरीक्षण करते हुए नाले की प्रभावी और पूर्ण सफाई सुनिश्चित करवाई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्य बाजार स्थित कुमार मार्केट के नाले की भी विशेष सफाई करवाई जा चुकी है।