6 जुलाई: चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह गैहरा के समीप एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी भरकम चट्टान टूटकर एक निजी बस पर गिर गई, जिससे बस में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार है।
जानकारी के अनुसार, गोली जीरो प्वाइंट क्षेत्र के करीब 30 श्रद्धालु भरमौर स्थित चौरासी मंदिर परिसर में आयोजित शिव पूजन में भाग लेने के बाद रविवार सुबह निजी बस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गैहरा से लगभग 50 मीटर पीछे अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान बस पर आ गिरी। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने साहिल ठाकुर पुत्र नाथो राम, निवासी गांव धरेड़, जीरो प्वाइंट गोली को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गिलमो देवी पत्नी मूलराज निवासी गांव भस्डी डाकघर शेरपुर, कार्तिक पुत्र पवन कुमार निवासी गांव व डाकघर गोली, तहसील डलहौजी, गुड्डो देवी पत्नी व्यास देव निवासी गांव छाना मोड़ तथा विनता देवी निवासी गांव भरड़ी, डाकघर शेरपुर, तहसील डलहौजी घायल हुए हैं।
पुलिस ने रविवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की रपट रोजनामचे में दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है।