बरमाणा: इंडियन आइडल फेम नितिन शर्मा के नाम रही गुग्गा मेला की अंतिम सांस्कृतिक संध्या, जनता ने जमकर सराहा

14 सितंबर: गुग्गा मेला बरमाणा में शनिवार को आयोजित अंतिम सांस्कृतिक संध्या इंडियन आइडल फेम नितिन शर्मा के नाम रही। नितिन शर्मा ने ‘राधे-राधे’ से अपनी प्रस्तुति का आगाज किया और इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर बरमाणा की जनता ने जमकर तालियां बजाईं और उत्साह के साथ उनका साथ दिया। वहीं, ‘भोले बाबा’ फेम सुरेश वर्मा ने भी अपनी दमदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के बाद विशेष बातचीत में नितिन शर्मा ने बरमाणा की जनता से मिले प्यार और शानदार रिस्पॉन्स को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बरमाणा से उनका रिश्ता काफी पुराना और खास है। उन्होंने बताया कि जब वह महज चार-पांच वर्ष के थे, तब बरमाणा में आयोजित एक जागरण में उन्होंने प्रस्तुति दी थी। उस समय की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बरमाणा की ऑडियंस शुरू से ही उन्हें भरपूर प्यार देती आई है।

नितिन शर्मा ने हिमाचली जनता को अपने लिए माता-पिता के समान बताते हुए कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बरमाणा की जनता का उनकी प्रस्तुति को मिले शानदार रिस्पॉन्स के लिए आभार भी जताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *