14 सितंबर, तरसेम जरयाल : 9वीं एचपीयू इंटर-कॉलेज शूटिंग चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 सितंबर 2026 तक आईजीएसएससी, शिमला में किया गया, जहां धर्मशाला कॉलेज के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक सहित दो रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम कीं।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने 1624 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। टीम में जयवंश ने 556, विशाल ने 542 और प्रथम राजपूत ने 526 अंक अर्जित किए। वहीं, महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1496 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम में काशी राणा ने 526, खुशी ने 482 और अरुशी ने 488 अंक प्राप्त किए। 
महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने 1622 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। टीम में अपूर्वा ने 588, आकांक्षा ने 564 और सुकन्या ने 470 अंक अर्जित किए।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी धर्मशाला कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अपूर्वा ने रजत पदक हासिल किया और इंटर-यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। वहीं, जयवंश ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
इसके अलावा धर्मशाला कॉलेज की महिला राइफल एवं पिस्टल टीम तथा पुरुष राइफल एवं पिस्टल टीम ने रनर-अप ट्रॉफी हासिल की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज में खुशी का माहौल है। शानदार प्रदर्शन के साथ धर्मशाला कॉलेज के निशानेबाजों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक सहित दो रनर-अप ट्रॉफियां अपने नाम कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया।