15 जून : कुटलैहड़ क्षेत्र की पंचायत बल्ह खालसा के जंगल में अवैध खैर कटान का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जंगल से खैर की लकड़ी के 32 मौछे बरामद किए हैं। हालांकि कार्रवाई से पहले ही संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार रेंज ऑफिसर संदीप कुमार को जंगल में अवैध कटान की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और खैर की लकड़ी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
वहीं, अगले ही दिन उसी जंगल में आग लगने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों और विभाग को आशंका है कि अवैध कटान के सबूत मिटाने के लिए जंगल में आग लगाई गई हो सकती है। आग से वन संपदा को भी नुकसान पहुंचा है।
वन विभाग ने मामले की शिकायत पुलिस थाना बंगाणा में दर्ज करवाई है। डीएफओ ऊना विकल्प यादव ने कहा कि दोषियों की पहचान के लिए जांच जारी है और जंगलों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अवैध कटान या आगजनी की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।