बकरीद के चलते 28 मई की CUET-UG परीक्षा स्थगित, NTA जल्द जारी करेगा नई तारीख

25 मई: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने 28 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा को बकरीद की छुट्टी के कारण स्थगित कर दिया है। अब परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

एनटीए द्वारा जारी नोटिस में बताया गया कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश और बकरीद अवकाश में बदलाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। 28 मई को दोनों शिफ्टों में होने वाली परीक्षा अब आयोजित नहीं होगी।

एजेंसी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in और cuet.nta.nic.in से ही जानकारी प्राप्त करें। छात्रों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।

सीयूईटी-यूजी 2026 के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड किया जा सकता है।

गौरतलब है कि CUET-UG अब देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो चुकी है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित कई बड़े संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह मुख्य प्रवेश परीक्षा बन गई है। इस वर्ष परीक्षा 11 मई से 31 मई तक कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए 15 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है, ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का असर देशभर के लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *