23 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति शुक्रवार सुबह 10 बजे हमीर भवन में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। बैठक में विभिन्न विभागों, बोर्डों-निगमों, संस्थानों और शहरी निकायों की आय-व्यय, ऑडिट पैरा सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक की तैयारियों को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों और संस्थानों से संबंधित विभिन्न मामलों तथा ऑडिट पैरा की विस्तृत रिपोर्ट तैयार रखने और बैठक में पूरी जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
स्थानीय निधि लेखा समिति में सभापति एवं विधायक संजय रत्न के अलावा विधायक डॉ. हंसराज, इंद्र दत्त लखनपाल, मलेंद्र राजन, कुलदीप राठौर और विवेक शर्मा शामिल हैं।
इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने भी हमीर भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समिति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा, सहायक आयुक्त एवं एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा, एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।