25 जून : देवभूमि हिमाचल को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) सेंट्रल रेंज मंडी को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ टीम ने बिलासपुर जिले में कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 101 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ को बिलासपुर क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने दर्शानी के पास फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी (PB 03 BJ-1944) को संदेह के आधार पर रोका गया।
तलाशी के दौरान गाड़ी से 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय जगवीर सिंह पुत्र बूटा सिंह, 30 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह और 31 वर्षीय जसविंदर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस थाना झंडूता में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
डीएसपी एसटीएफ हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और हिमाचल में किसे सप्लाई की जानी थी। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालकर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।