25 जून : सैनी सेवा समाज पांवटा साहिब द्वारा शिक्षा, अनुशासन और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 26 जून को सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। सैनी सेवा समाज के अध्यक्ष गुरदीप सिंह सैनी ने बताया कि समाज की नई मंडल स्तरीय इकाई का यह पहला बड़ा कार्यक्रम होगा। इसका उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए सकारात्मक पहल करना है।
उन्होंने बताया कि समारोह में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों तथा सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे समाज के सदस्यों को भी सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने वाले लोगों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करने से युवाओं को प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
समारोह में हरियाणा और उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों से सैनी समाज के गणमान्य प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। समाज का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से आपसी सहयोग, भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
सैनी सेवा समाज ने सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने, विधवा महिलाओं और एकल माताओं की सहायता करने तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के शैक्षणिक खर्च में मदद करने का भी संकल्प लिया है। गुरदीप सिंह सैनी ने कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने समाज के सक्षम और जागरूक लोगों से इस अभियान में सहयोग देने की अपील भी की।