8 जून : शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से पात्र विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उच्च शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश डॉ. हरीश कुमार ने सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और समय पर आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इन आवेदनों का प्रथम स्तर सत्यापन 17 सितंबर तथा द्वितीय स्तर सत्यापन 18 सितंबर तक पूरा किया जाएगा।
वहीं, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए भी आवेदन 4 जून से शुरू हो गए हैं। इन योजनाओं के तहत आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रथम स्तर सत्यापन 17 नवंबर और द्वितीय स्तर सत्यापन 18 नवंबर तक किया जाएगा।
इसके अलावा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित विशेष छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए भी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।