28 जुलाई: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने विभिन्न विभागों में शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी फेज-1 और फेज-2 की अधिसूचनाओं में सहायक आचार्य, सह आचार्य और आचार्य पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों की पात्रता अस्थायी है और अंतिम निर्णय मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, सभी साक्षात्कार 10, 11, 12 और 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से कुलपति सचिवालय, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे।
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। वहीं, सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) लाना अनिवार्य रहेगा।
विश्वविद्यालय ने बताया कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया और प्राप्त आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सूची जारी की गई है। जिन पदों के लिए अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, उनके लिए स्क्रीनिंग के बाद निर्धारित कटऑफ अंक भी जारी किए गए हैं।